Share the post "सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों (घौठला बड़े, सालर, माधोपाली, बंधापाली) में मासूमों की जिंदगी से खिलवाड़: बिना हेल्पर दौड़ रहीं स्कूल बसें, वैनों में क्षमता से दोगुने बच्चे सवार"
दिलीप साहू@ घुटला बड़े सारंगढ़-बिलाईगढ़: शहरी क्षेत्रों में परिवहन विभाग और पुलिस की कार्रवाई के चलते नियमों का कुछ हद तक पालन दिखाई देता है, लेकिन नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीण व आउटर अंचलों में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। खासतौर पर घौठला बड़े, सालर, माधोपाली और बंधापाली जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी स्कूलों की बसों और वैनों में नौनिहालों की सुरक्षा को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग (RTO) की ‘सुरक्षित स्कूल वाहन नीति’ की धज्जियां उड़ाते हुए इन ग्रामीण रूटों पर बसें बिना किसी हेल्पर या अटेंडेंट के दौड़ रही हैं, वहीं स्कूली वैनों (Van) में क्षमता से दोगुने बच्चों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों की सिंगल लेन, गड्ढों वाली सड़कों और तीव्र मोड़ों पर बिना अटेंडेंट के बसें चलाना और क्षमता से अधिक बच्चों को वैन में बैठाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। ड्राइवर का ध्यान पूरी तरह ड्राइविंग पर होना चाहिए, लेकिन हेल्पर न होने और वैन में अत्यधिक ओवरलोडिंग के कारण हादसों की संभावना हर समय बनी रहती है।
स्कूली वैन में ओवरलोडिंग का खेल: 7 से 8 सीट की क्षमता वाली वैनों (Van) में 15 से 18 तक छोटे-छोटे मासूम बच्चों को बैठाया जा रहा है। वैन चालक गाड़ी में बच्चों के बैग और खुद बच्चों को इस कदर ठूंसते हैं कि बच्चों का सांस लेना तक दूभर हो जाता है। आपातकालीन निकास व सुरक्षा उपकरणों का कोई अता-पता नहीं रहता।
बसों में हेल्पर गायब: सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के अनुसार हर स्कूल बस में कम से कम एक अटेंडेंट और छात्राओं के लिए महिला अटेंडेंट का होना अनिवार्य है। लेकिन घौठला बड़े, सालर, माधोपाली और बंधापाली के ग्रामीण रूटों पर बिना अटेंडेंट के ही बसें चलाई जा रही हैं।
जांच का अभाव: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के RTO और पुलिस की चेकिंग कार्रवाई केवल मुख्य शहरी सीमाओं तक सीमित रह जाती है, जिससे ग्रामीण इलाकों के स्कूल संचालक और वाहन चालक बेखौफ होकर मनमानी कर रहे हैं।
घौठला बड़े, सालर, माधोपाली और बंधापाली क्षेत्र के अभिभावकों का कहना है कि वे भी पूरी फीस चुकाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके बच्चों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। वैन में बच्चों को ओवरलोड कर ले जाने और बसों में हेल्पर न होने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
📢 *RTO अधिकारी का पक्ष
मामले को लेकर जब परिवहन विभाग के चंद्रा सर (RTO अधिकारी) से चर्चा की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
हमने कुछ ही दिनों पहले शहर के कई स्कूल वाहनों पर नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त कार्रवाई की है। अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के घौठला बड़े, सालर, संधान, माधोपाली और बंधापाली सहित अन्य ग्रामीण अंचलों में चलने वाली स्कूल बसों व वैनों की विशेष जांच करवाई जाएगी। वैन में सीट क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने और बसों में हेल्पर न रखने वाले वाहन स्वामियों व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई व वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।”
— चंद्रा सर, RTO अधिकारी (सारंगढ़-बिलाईगढ़)

